Connect with us

Bijnor news

ईद मनाने घर आए युवक की सड़क हादसे में मौत

Published

on

धामपुर/बिजनौर (सब का सपना):- बकरीद की खुशियां मनाने के लिए मुंबई से अपने गांव लौटे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम मंझेड़ा निवासी अनस (18) पुत्र बुन्दु मुंबई में रहकर एक सैलून पर काम करता था। वह आगामी बकरीद का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए सोमवार को ही मुंबई से अपने गांव आया था। मंगलवार की शाम अनस अपने गांव निवासी साथी शाकिब के साथ बाइक से अफजलगढ़ की ओर जा रहा था।


बताया जाता है कि शेरकोट में हाईवे किनारे स्थित गैस एजेंसी के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए चक शहजानी स्थित अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अनस को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाकिब की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।


मृतक के भाई जावेद ने बताया कि अनस पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था और परिवार के साथ ईद मनाने की खुशी लेकर घर आया था। लेकिन घर पहुंचने के अगले ही दिन हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
ईद से ठीक पहले जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बकरीद की तैयारियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

Trending