Connect with us

Sambhal news

Sambhal News:- लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए 82 हजार से अधिक गौवंशों का हुआ टीकाकरण

Published

on

सम्भल (सब का सपना):-जिले में पशुओं को जानलेवा लम्पी स्किन डिजीज (LSD) के प्रकोप से बचाने और इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर टीकाकरण तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में पशु चिकित्सा

विभाग की विशेष टीमें जनपद के सभी विकास खंडों में सक्रिय हैं और गांव-गांव जाकर गौवंशों का सुरक्षात्मक टीकाकरण कर रही हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक 82 हजार से अधिक गौवंशों का टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। अभियान को गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। विशेषकर संवेदनशील तथा बीमारी से प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण के प्रसार को पूरी तरह से रोकने के लिए रिंग वैक्सीनेशन तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


टीकाकरण कार्य को पारदर्शी और असरदार बनाने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी स्वयं मैदानी स्तर पर पहुंचकर जमीनी निरीक्षण कर रहे हैं। पशु चिकित्सकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों और पैरावेट टीमों के बेहतर समन्वय से इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम नूरपुर ततारपुर तथा उसके आसपास के अत्यधिक संवेदनशील इलाकों में रिंग वैक्सीनेशन के साथ-साथ समीपवर्ती अन्य गांवों में भी सघन टीकाकरण का विशेष चरण चलाया जा रहा है।


टीकाकरण के साथ-साथ पशुपालकों को जागरूक करने का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है। विभागीय टीमें ग्रामीणों को लम्पी रोग के मुख्य लक्षणों बचाव के व्यावहारिक उपायों पशुशालाओं की नियमित साफ-सफाई तथा संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से तुरंत अलग रखने आइसोलेशन के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दे रही हैं।


पशुपालन विभाग ने जनपद के सभी पशुपालकों से भावुक अपील की है कि वे बिना किसी संकोच के अपने समस्त गौवंशों का समय से टीकाकरण अवश्य करवाएं। इसके साथ ही यदि किसी भी पशु में लम्पी रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई दें तो तुरंत इसकी सूचना निकटतम पशु चिकित्सा केंद्र या संबंधित पशु चिकित्साधिकारी को दें ताकि समय रहते उचित इलाज और आवश्यक नियंत्रणात्मक कदम उठाए जा सकें।

Trending