Connect with us

उत्तर प्रदेश

AMROHA NEW:- बिजनौर पुलिस ने शुरू किया विशेष चेकिंग अभियान, बिना हेलमेट व फोन पर बात करने वालों के कटेंगे चालान

Published

on

नगीना/बिजनौर (सब का सपना):- सड़क हादसों में असमय बुझते घरों के चिरागों को बचाने के लिए बिजनौर पुलिस ने एक संवेदनशीलता और सख्ती से भरी विशेष पहल शुरू की है। जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने बेहद गंभीरता से लिया है। हादसों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से रविवार से पूरे जिले में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ व्यापक चेकिंग व चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि कार्रवाई से पहले पुलिस ने इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। पिछले 4-5 दिनों से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वाहन चालकों को बिना चालान काटे प्यार से समझाया गया। चालकों और उनके पीछे बैठी सवारियों दोनों को हेलमेट पहनने व गाड़ी चलाते वक्त फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया गया। अब जागरूकता अवधि समाप्त होने के बाद रविवार से सख्त वैधानिक कार्रवाई शुरू की जा रही है।


एसपी के.के. विश्नोई ने पुलिस महकमे को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी है कि नियम पालन कराने में कोई पक्षपात न हो। फिर चाहे बिना हेलमेट वाहन चलाने वाला कोई खाकीधारी (पुलिसकर्मी) हो, खादीधारी (नेता), पत्रकार हो या किसी बड़ी पहुंच वाला व्यक्ति—कानून सबके लिए एक समान लागू होगा और बिना किसी रियायत के चालान काटा जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने अभियान की भावना को स्पष्ट करते हुए कहा कि पुलिस का मकसद चालान काटकर जनता को परेशान करना या राजस्व बढ़ाना बिल्कुल नहीं है। हमारा एकमात्र उद्देश्य लोगों की कीमती जान बचाना है, ताकि किसी मां का लाल या घर का चिराग सड़क हादसे में न बुझे।


उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यात्रा के दौरान हेलमेट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर इस सुरक्षा अभियान में पुलिस का सहयोग करें।

Trending