Connect with us

Trending

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन, युवाओं को ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश

Published

on

चंदौसी/सम्भल(सब का सपना):- जनपद के एस.एम. कॉलेज, चंदौसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा कौशल विकास हेतु युवा विषय के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को सातवें और अंतिम दिन ग्राम देवरखेड़ा स्थित राजेश कुमार सरस्वती विद्या मंदिर में समापन किया गया। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशेष कुमार पांडेय के संयोजन में किया गया।शिविर के अंतिम दिन कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान से की गई।

स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से स्वयंसेवकों ने लोगों को पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के स्थान पर गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों, विशेषकर सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र को समापन सत्र के रूप में आयोजित किया गया। समापन सत्र की अध्यक्षता एस.एम. कॉलेज, चंदौसी के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दानवीर सिंह यादव ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विश्व में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के भंडार सीमित हैं, जबकि बढ़ती जनसंख्या के कारण ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोत भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुके हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज में ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा अपनी व्यक्तिगत ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र और समाज के निर्माण में करें।

कार्यक्रम में शिक्षाविद शरद शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के सफल आयोजन पर स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को वर्ग संघर्ष के बजाय वर्ग समन्वय की भावना को अपनाकर समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनना चाहिए।इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा शिक्षकों को समर्पित काव्य पाठ, राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत तथा सात दिवसीय शिविर की रिपोर्ट का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया गया।

कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक हरवीर ने किया।शिविर के आयोजन में भूपाल सिंह शास्त्री, सुरेश और जितेंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन किया गया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *



“जितने वाले कुछ अलग चीज़े नहीं करते बस वो चीज़ो को अलग तरीके से करते हैं !!
“आप तब तक नहीं हार सकतें !

Anuj Goswami

Trending