Connect with us

Bijnor news

Bijnor संस्कृत का पेपर देने के बाद इंटरमीडिएट की छह छात्राएं लापता, तलाश में जुटी पुलिस

Published

on

बिजनौर (सब का सपना):- इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने के बाद छह छात्राओं के लापता होने से चांदपुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गुरुवार को संस्कृत विषय की परीक्षा देने के लिए चांदपुर के एक इंटर कॉलेज पहुंचीं छात्राएं परीक्षा समाप्त होने के बाद घर के लिए निकलीं, लेकिन देर शाम तक अपने घर नहीं पहुंचीं। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार लापता छात्राओं में हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राएं तथा चांदपुर और आसपास के गांवों की चार अन्य छात्राएं शामिल हैं।

परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्राएं देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। पहले उन्होंने अपने स्तर पर सहपाठियों और परिचितों के यहां पता किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो रात करीब दस बजे परिजन चांदपुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।एक साथ छह छात्राओं के लापता होने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक चांदपुर अमित कुमार ने बताया कि छात्राओं की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।उधर, छात्राओं की बरामदगी की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर परिजनों ने चांदपुर कोतवाली में हंगामा भी किया। परिजनों का कहना था कि छात्राओं का जल्द पता लगाया जाए।

सूचना मिलने पर एएसपी सिटी कृष्णा गोपाल सिंह भी कोतवाली पहुंचे और परिजनों को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही छात्राओं को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान कुछ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे और परिजनों के साथ छात्राओं की जल्द बरामदगी की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Trending