Connect with us

Sambhal news

लाखों रुपए के खोए मोबाइल बरामद, पुलिस ने स्वामियों को लौटाए

Published

on

सीईआईआर पोर्टल और संचार साथी ऐप से मोबाइल सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

बहजोई/सम्भल (सब का सपना):- जनपद में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत के निर्देशन में गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बृहस्पतिवार को बड़ी सफलता हासिल हुई। जनपदीय साइबर सेल एवं थाना साइबर सेल की टीम ने कुल 261 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए।

बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देश पर गुमशुदा मोबाइल संबंधी प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर थाना, जनपदीय साइबर सेल एवं थाना साइबर सेल द्वारा दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल के माध्यम से अभियान चलाया गया। अथक प्रयासों के बाद सम्भल जनपद सहित अन्य जनपदों एवं राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मोबाइल स्वामियों को उनके फोन लौटाते समय पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल अपने सिम कार्ड को ब्लॉक कराएं तथा बैंक खातों की सुरक्षा के लिए संबंधित बैंक से संपर्क करें। पुलिस ने बताया कि कोई भी व्यक्ति स्वयं CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल की IMEI ब्लॉक करा सकता है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संचार साथी ऐप में IMEI ब्लॉकिंग के अलावा संदिग्ध कॉल एवं मैसेज की शिकायत, अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी तथा मोबाइल की वास्तविकता जांचने जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर एवं ऐपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है।

Trending