Connect with us

Trending

मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीनीकृत आधुनिक पेंशनर कक्ष का किया लोकार्पण

Published

on

अमरोहा (सब का सपना):- मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ भूपेन्द्र सिंह चौधरी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर अमरोहा स्थित नवीनीकृत आधुनिक पेंशनर कक्ष का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी अमरोहा द्वारा कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय देते हुए उपस्थित अतिथियों एवं पेंशनर बंधुओं का स्वागत किया गया।


कलेक्ट्रेट परिसर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत ₹7.39 लाख की धनराशि से कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा पेंशनर कक्ष का निर्माण एवं नवीनीकरण कराया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के वरिष्ठ एवं पारिवारिक पेंशनरों को पेंशन संबंधी कार्यों के लिए कोषागार आने पर सुगम, आरामदायक एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कक्ष को आधुनिक एवं मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।


शासनादेश संख्या 28/2016 के अनुरूप पेंशनर कक्ष में वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के लिए 80 आरामदायक कुर्सियां एवं 02 मेज, वातानुकूलन एवं कूलिंग के लिए 02 विंडो एसी, 06 सीलिंग फैन एवं 02 एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वच्छ एवं शीतल पेयजल के लिए वाटर कूलर डिस्पेंसर एवं कूलर की व्यवस्था की गई है। महिला एवं पुरुष पेंशनरों के लिए पृथक-पृथक आधुनिक वॉशरूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग एवं अशक्त पेंशनरों के सुगम आवागमन के लिए रैंप तथा चलने में असमर्थ वृद्ध पेंशनरों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।


20 सितम्बर 2026 तक कोषागार अमरोहा में कुल 6,157 पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर पंजीकृत हैं, जबकि विगत माह में 6,076 भुगतान प्राप्तकर्ताओं को पेंशन का भुगतान प्राप्त हुआ। अन्य राज्यों के 33 पेंशनर भी पंजीकृत हैं।
जनपद में 80 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुके कुल 810 वयोवृद्ध पेंशनर हैं। इनमें 80 से 85 वर्ष आयु वर्ग के 535, 85 से 90 वर्ष के 215, 90 से 95 वर्ष के 44, 95 से 100 वर्ष के 15 तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के 01 पेंशनर शामिल हैं। लोकार्पण समारोह में मंत्री के साथ महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक हसनपुर, विजय भान सिंह, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक लि0 मुरादाबाद, प्रवीण कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद धनौरा, ओमप्रकाश गोला, अध्यक्ष माटी कला विकास बोर्ड उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमरोहा, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमरोहा, सहायक उद्योग आयुक्त सहित जिला प्रशासन, कोषागार एवं जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश जनपद अमरोहा के संरक्षक, अध्यक्ष एवं सचिव तथा गजराम सिंह, अध्यक्ष/सचिव, उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद लखनऊ शाखा अमरोहा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं पारिवारिक पेंशनरों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Trending