Connect with us

Trending

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा में करियर गाइडेंस मेले का आयोजन

Published

on

अमरोहा (सब का सपना):- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा के प्रांगण में पंख पोर्टल के अंतर्गत करियर गाइडेंस मेला-2026 का आयोजन प्रधानाचार्या स्नेह लता तथा प्रभारी खाशिया परवीन द्वारा उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

करियर गाइडेंस मेले में विभिन्न क्षेत्रों से विशेषज्ञ एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मुख्य प्रबंधक राखी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कुंवर सिंह सैनी तथा टी.पी. नगर चौकी, थाना अमरोहा नगर की चौकी प्रभारी अंजना चौधरी ने उपस्थित होकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम एवं उनके प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा अपने-अपने क्षेत्र में करियर बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।राखी शर्मा ने छात्राओं को बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में जाने के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा की प्रक्रिया तथा सफलता के लिए योजनाबद्ध ढंग से अध्ययन करने के बारे में छात्राओं को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कुंवर सिंह सैनी ने छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने डॉक्टर बनने के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता, प्रवेश परीक्षाओं तथा चिकित्सा शिक्षा की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को कठिन परिश्रम, लगन एवं निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में टी.पी. नगर चौकी, थाना अमरोहा नगर की चौकी प्रभारी अंजना चौधरी ने छात्राओं को पुलिस सेवा में करियर बनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं भी राजकीय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने छात्राओं को पुलिस सेवा में जाने के लिए आवश्यक शैक्षिक एवं शारीरिक योग्यताओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।


अंजना चौधरी ने छात्राओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत होने पर वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी सहायता एवं सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है तथा वे आवश्यकता पड़ने पर टी.पी. नगर चौकी पर आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
कार्यक्रम की प्रभारी खासिया परवीन रहीं तथा कार्यक्रम का संचालन कीर्ति द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं और उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम की समस्त फोटोग्राफी का कार्य ममता सोलंकी द्वारा किया गया।


विद्यालय की प्रधानाचार्या स्नेहलता ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करियर गाइडेंस मेला छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों तथा उनकी तैयारी के संबंध में प्रत्यक्ष रूप से जानकारी प्राप्त होती है।
करियर गाइडेंस मेले में छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अतिथियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन से छात्राओं को बैंकिंग, चिकित्सा, पुलिस सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने तथा उसके लिए आवश्यक तैयारियों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Trending