Connect with us

Sambhal news

कोबरा सांप ने उड़ाई परिवार की नींद, बारिश में घर छोड़ बाहर निकले लोग

Published

on

रात ढाई बजे पहुंची स्नेक रेस्क्यू टीम, सुरक्षित पकड़े जाने के बाद टला बड़ा हादसा

गुन्नौर/संभल(सब का सपना):- जनपद की तहसील गुन्नौर क्षेत्र के गांव सैमला में शुक्रवार की आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर में विशालकाय जहरीला कोबरा सांप घुस आया। कोबरा को देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। भय के कारण सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए और बारिश के बीच पूरी रात बाहर खड़े रहने को मजबूर हो गए। आसपास के ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जमा हो गई।घटना की सूचना तत्काल स्नेक सेवर जाबुल और उनके भाई अली बारिस को दी गई।

सूचना मिलते ही दोनों अपनी रेस्क्यू टीम के साथ रात करीब 2:30 बजे गांव सैमला पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने पूरे घर की सावधानीपूर्वक तलाश की। इस दौरान विशालकाय कोबरा घर में रखे इंजन के नीचे छिपा मिला, जो लगातार तेज फुफकार मार रहा था। सांप का आक्रामक व्यवहार देखकर परिवार और आसपास मौजूद लोग काफी सहमे हुए थे।जाबुल और उनकी टीम ने बिना किसी नुकसान के बेहद सावधानी और पेशेवर तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ देर की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली तथा स्नेक सेवर टीम का आभार व्यक्त किया।रेस्क्यू के बाद जाबुल ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कोबरा भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है।

यदि किसी व्यक्ति को कोबरा या कोई भी जहरीला सांप काट ले तो बिना समय गंवाए सीधे नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर एंटी-वेनम इंजेक्शन लगवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास के भरोसे रहना जानलेवा साबित हो सकता है और इससे मरीज की जान भी जा सकती है।उन्होंने बरसात के मौसम में लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि घरों और आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियों और कबाड़ को हटाएं तथा यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास न करें। तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Trending