Connect with us

उत्तर प्रदेश

Sambhal News:- स्वास्थ्य मेले में मरीजों की जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा

Published

on

सम्भल(सब का सपना):- जनपद में रविवार को जनपद 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 09 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर 271वें मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क उपचार का लाभ लिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 2602 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 1053 पुरुष, 1013 महिलाएं और 536 बच्चे शामिल रहे।


आरोग्य मेले के लिए आयोजित 39 सत्रों में 39 चिकित्सकों और 144 पैरा-मेडिकल स्टाफ ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत 100 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
मेले में बुखार के 311, चर्म रोग के 474, दमा के 357, मधुमेह के 108, नेत्र रोग के 28 तथा उच्च रक्तचाप के 117 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। वहीं अन्य रोगों से संबंधित मरीजों को भी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। बुखार से पीड़ित मरीजों में 58 की मलेरिया तथा 21 की डेंगू की जांच कराई गई। सभी संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव रही।


जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अलग काउंटर बनाए गए। यहां लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों और सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग की आशाओं द्वारा सोर्स रिडक्शन तथा संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत 359 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया।
आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों में से 96 लोगों को टेली मानस की कंसल्टेंसी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इससे मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के लिए लोगों को आवश्यक परामर्श मिला।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने जनपद में आयोजित आरोग्य मेला सत्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इसके अलावा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भी विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर पहुंचकर मेले का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Trending