Connect with us

Sambhal news

Sambhal News:- उत्तम सत्य धर्म की आराधना कर श्रद्धालुओं ने लिया आत्मशुद्धि का संकल्प

Published

on

दशलक्षण महापर्व के पंचम दिवस श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं महामंडल विधान संपन्न

बहजोई/संभल(सब का सपना):- जनपद के श्री दिगम्बर जैन मंदिर, बहजोई में पर्वराज दशलक्षण महापर्व के पंचम दिवस उत्तम सत्य धर्म की श्रद्धाभाव एवं भक्तिपूर्वक आराधना की गई। प्रातःकाल श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के उपरांत दशलक्षण महामंडल विधान विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। श्रीजी के अभिषेक एवं शांतिधारा के पुण्यार्जक कविश जैन, प्रेरक जैन, प्रतीक जैन एवं मनोज जैन सर्राफ रहे।
महामंडल विधान के पंचम दिवस सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य प्रेरक जैन एवं सजल जैन को प्राप्त हुआ। विधान का आयोजन विद्वान चंद्रकुमार जैन शास्त्री के मार्गदर्शन में किया गया।

शास्त्री जी ने उत्तम सत्य धर्म की महत्ता बताते हुए कहा कि सत्य केवल वाणी का विषय नहीं, बल्कि जीवन की साधना है। मन, वचन और कर्म में एकरूपता रखते हुए सत्य का पालन करना ही उत्तम सत्य धर्म है। असत्य, छल और कपट से दूर रहकर हितकारी एवं मधुर वचन बोलने से आत्मशुद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने कहा कि सत्य का आचरण व्यक्ति के जीवन में विश्वास, शांति और सद्भाव उत्पन्न करता है। केवल सत्य बोलना ही नहीं, बल्कि सत्य को अपने आचरण और व्यवहार में उतारना भी आवश्यक है।


सायंकाल मंदिर में सामूहिक आरती, णमोकार पाठ एवं शास्त्र प्रवचन के बाद एक मिनट प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन नीलिमा जैन एवं साक्षी जैन ने किया, जिसमें समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर जैन सभा के संरक्षक राजेंद्र जैन, अध्यक्ष सुनील कुमार जैन, उपाध्यक्ष संजय कुमार जैन, कोषाध्यक्ष मितेश जैन, महामंत्री संभव जैन सहित मनोज कुमार जैन, प्रेरक जैन, विभोर जैन, चंद्रप्रकाश जैन, राहुल जैन, अतिशय जैन, शुभम जैन, अरिहंत जैन, अग्रिम जैन, संतोष देवी जैन, आशा जैन, बीना जैन, अंशुल जैन, सुनीता जैन सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी कार्यक्रमों का संचालन श्री दिगम्बर जैन सभा के महामंत्री संभव जैन ने किया।

Trending